Header Ads Widget

डेढ़ करोड़ के जहर के साथ दो गिरफ्तार…


 संबलपुर (सी एन आई न्यूज़) : ओडिशा पुलिस ने संबलपुर जिले से सांप का डेढ़ करोड़ रुपये कीमत का जहर जब्त किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि देवगढ़ पुलिस ने एक गुप्त सूचना मिलने के बाद जाल बिछाया था। सूचना मिली थी कि कुछ लोग सांप के 1 किलो जहर को डेढ़ करोड़ रुपये में बेचने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस की एक टीम शुक्रवार को संबलपुर के सिंदूरपंक ग्राहक बनकर कुछ लोगों से मिलने पहुंची।

पुलिस टीम से इस दौरान पकड़े गए आरोपियों ने जहर के बदले रुपये की मांग की। दोनों ने कांच के कंटेनर में सांप का एक किलो जहर रखा हुआ था। ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया और दूसरे पुलिस कर्मियों से संपर्क कर उन्हें भी बुला लिया।

पकड़े गए दोनों लोगों की पहचान क्रमश: कैलाश चंद्र साहू और रंजन कुमार पाधी के तौर पर हुई है। देवगढ़ अनुमंडल के पुलिस अधिकारी प्रत्यूष महापात्र ने कहा कि हम बरामद किए गए जहर को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजेंगे। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Post a Comment

0 Comments

Random Posts